Search

 
 
 

धनबाद: गोविंदाडीह में भीषण आग में दर्जनों घर राख, दमकल की देरी पर भड़का आक्रोश

जिले के राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदाडीह गांव में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई है. मजीद अंसारी के घर से शुरू हुई आग देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया.
 

Dhanbad: जिले के राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदाडीह गांव में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई है. मजीद अंसारी के घर से शुरू हुई आग देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया. इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई, जबकि कई परिवार बेघर हो गए.

Uploaded Image
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घरों में मौजूद लोग किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले. पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन भीषण लपटों के आगे वे बेबस नजर आए.


घटना की सूचना तुरंत स्थानीय थाना और अग्निशमन विभाग को दी गई लेकिन आरोप है कि दमकल की गाड़ियां करीब चार घंटे की देरी से मौके पर पहुंचीं. इस देरी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया और लोगों ने पुलिस व दमकलकर्मियों के खिलाफ नाराजगी जताई. हालांकि बाद में पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर दमकल पहुंचती तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था. एक घर से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते दर्जनभर घरों को अपनी चपेट में ले लिया. घटना को लेकर ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि घरों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार काफी नीचे और खतरनाक स्थिति में हैं.


इसे ठीक करने या हटाने के लिए कई बार विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. लोगों का आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और इतना बड़ा हादसा हुआ. इस अगलगी में घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज समेत दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर खाक हो गईं. 


पीड़ित परिवारों के सामने अब सिर छुपाने तक की समस्या खड़ी हो गई है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है. साथ ही बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही