Search

 
 
 

धनबादः हर शिक्षित युवा समाज के एक बच्चे की शिक्षा की जिम्मेदारी लें- राज्यपाल

राज्यपाल ने कहा कि राज्य के कुछ विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर और कुलपति की कमी जल्द दूर की जाएगी. उन्होंने संकेत दिया कि जहां-जहां शिक्षकों और कुलपतियों की कमी है, वहां अगले माह तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.
 

BBMKU के दीक्षांत में राज्यपाल ने 220 टॉपर्स को बांटी डिग्री 

Dhanbad : बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) का द्वितीय दीक्षांत समारोह शुक्रवार को धनबाद के न्यू टाउन हॉल में हुआ. मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने 220 टॉपर्स को डिग्री व गोल्ड मेडल प्रदान किया. इनमें 35 पीएचडी छात्र, तीन अकादमिक सत्रों के तीन सर्वश्रेष्ठ पीजी छात्र और तीन सर्वश्रेष्ठ यूजी छात्र शामिल हैं. इसके अलावा एमबीबीएस के पांच, एलएलबी के चार व बीएड, एमएड, बीसीए और बीबीए के तीन-तीन विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल दिया गया. राज्यपाल ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई खोज, नवाचार और अनुसंधान के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया.


उन्होंने कहा कि हर शिक्षित युवा को समाज के कम से कम एक बच्चे की शिक्षा का दायित्व अपने ऊपर अवश्य लेना चाहिए. यदि प्रत्येक शिक्षित युवा किसी एक बच्चे का भविष्य संवारने का संकल्प ले, तो अशिक्षा समाप्त होगी और सामाजिक असमानता की जड़ें स्वतः कमजोर पड़ जाएंगी. उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उन्नति तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास के लिए प्रेरणा बनना चाहिए.

 

समारोह में यूजी के तीन अकादमिक सत्रों के 78 और पीजी के तीन अकादमिक सत्रों के 80 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं. इस अवसर पर पहली बार यूजी विभागवार टॉपर्स को भी गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया.

 

विवि व कॉलेजों में शिक्षकों की कमी जल्द होगी दूर


मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि राज्य के कुछ विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर और कुलपति की कमी जल्द दूर की जाएगी. उन्होंने संकेत दिया कि जहां-जहां शिक्षकों और कुलपतियों की कमी है, वहां अगले माह तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में सत्र नियमित हो और शैक्षणिक प्रक्रियाएं सुचारू रूप से संचालित हों, इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के नामांकन में कमी एक चिंता का विषय है, जिसे दूर करने के लिए सरकार स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही