Search

 
 
 

धनबाद : रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर की सड़क पर कूड़े का अंबार, स्वच्छता अभियान पर उठे सवाल

धनबाद शहर में स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है. शहर के व्यस्त और महत्वपूर्ण इलाकों में शामिल रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर पर बनी सड़क की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है.
 

Dhanbad : धनबाद शहर में स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है. शहर के व्यस्त और महत्वपूर्ण इलाकों में शामिल रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर पर बनी सड़क की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है. यहां जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है जिससे उठने वाली दुर्गंध ने राहगीरों का चलना मुश्किल कर दिया है. यह सड़क न केवल स्थानीय निवासियों के लिए बल्कि प्रतिदिन रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले हजारों यात्रियों के लिए भी एक प्रमुख मार्ग है. बावजूद इसके सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आती है. 

 

हालात ऐसे हैं कि लोगों को नाक-मुंह ढककर इस रास्ते से गुजरना पड़ता है. सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान का प्रभाव इस इलाके में कहीं भी दिखाई नहीं देता. कागजों और प्रचार-प्रसार में अभियान भले ही सफल दिखता हो लेकिन जमीनी सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है. सड़क पर फैली गंदगी और कूड़े के ढेर यह बताने के लिए काफी हैं कि जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं.

 

स्थानीय लोगों के अनुसार इस सड़क की स्थिति सालों से नहीं सुधरी है. चाहे गर्मी हो, सर्दी या बारिश हर मौसम में यहां गंदगी का साम्राज्य कायम रहता है. बारिश के दिनों में तो हालात और बदतर हो जाते हैं जब कचरा सड़कर कीचड़ और बदबू में तब्दील हो जाता है.

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम और संबंधित विभागों को इस समस्या से अवगत कराया लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि अधिकारी केवल औपचारिकता निभाने तक सीमित हैं जबकि जमीनी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं. स्थिति की गंभीरता इस बात से और बढ़ जाती है कि इस सड़क के पास एक स्कूल भी स्थित है. 

 

प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे इसी रास्ते से गुजरते हैं और गंदगी व दुर्गंध के बीच आने-जाने को मजबूर हैं. अभिभावकों का कहना है कि यह माहौल बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है और संक्रमण का खतरा भी बढ़ाता है. स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने प्रशासन एवं रेलवे विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.

 

लोगों का कहना है कि नियमित सफाई, कचरा उठाव और ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके. अगर समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो यह गंदगी न केवल लोगों के लिए परेशानी बनेगी बल्कि शहर की छवि पर भी नकारात्मक असर डालेगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही