Search

 
 
 

धनबादः IIT-ISM के छात्रों के बनाए हाइड्रोलिक रथ पर विराजमान होंगे भगवान जगन्नाथ

इस्कॉन के अध्यक्ष नामदास प्रेम दास ने बताया कि यह रथ पूरी तरह से रिमोट कंट्रोल संचालित है और इसकी छत (गुंबद) को आवश्यकतानुसार 30 फीट तक ऊंचा किया जा सकता है.
 

इस्कॉन मंदिर में रथ यात्रा की तैयारी जोरों पर

Dhanbad : धनबाद शहर में हर साल की तरह इस बार भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पूरे भक्ति और भव्यता के साथ निकाली जाएगी. रथयात्रा 27 जून को है. श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है. मंदिर समितियां और स्वयंसेवक तैयारियों में जुटे हुए हैं. शहर की सबसे भव्य रथयात्रा इस्कॉन धनबाद की ओर से निकाली जाएगी. इसकी तैयारी जोरों पर चल रही है. जबकि सबसे पुरानी और पारंपरिक रथ यात्रा धनसार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से आरंभ होगी जिसकी परंपरा पुरी मंदिर की रथयात्रा की तर्ज पर निभाई जाती है. इसके अलावा मनईटांड़, कुसुम विहार, हीरापुर हरि मंदिर सहित अन्य क्षेत्रों में भी रथ यात्राएं आयोजित होंगी.

इस वर्ष इस्कॉन रथ यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण बना है .हाइड्रोलिक तकनीक से निर्मित आधुनिक रथ जिसे आईआईटी आईएसएम धनबाद के छात्रों ने डिजाइन और विकसित किया है. इस्कॉन के अध्यक्ष नामदास प्रेम दास ने बताया कि यह रथ पूरी तरह से रिमोट कंट्रोल संचालित है और इसकी छत (गुंबद) को आवश्यकतानुसार 30 फीट तक ऊंचा किया जा सकता है. तकनीक और परंपरा के इस अद्भुत संगम को श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण मिलने की उम्मीद है. 27 जून को रथ पर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को विराजमान किया जाएगा.छात्रों द्वारा ही रथ में जुड़े घोड़ों की सजावट, रंग-रोगन और कलात्मक सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है.

रथ यात्रा के दौरान भगवान को नगर भ्रमण कराकर गोल्फ ग्राउंड स्थित विशेष रूप से बनाए गए गुंडिचा मंदिर स्वरूप पंडाल में विराजमान कराया जाएगा जहाँ 27, 28 और 29 जून को हरिनाम संकीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल भोग वितरण का आयोजन होगा. आयोजकों के अनुसार इस वर्ष रथयात्रा में लगभग 40,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही