Search

 
 
 

धनबाद : शुभम यादव के अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब, मेयर बोले- हत्या का जल्द खुलासा हो

जिले में बढ़ते अपराध के बीच सोनारडीह में हुई शुभम यादव की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शुभम यादव का शव सोनारडीह स्थित उनके आवास पहुंचा परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया. शुभम यादव की अंतिम यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए.
 
  • बाघमारा में कायम हो शांति

Dhanbad : जिले में बढ़ते अपराध के बीच सोनारडीह में हुई शुभम यादव की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शुभम यादव का शव सोनारडीह स्थित उनके आवास पहुंचा परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया. शुभम यादव की अंतिम यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए. 

 

स्थानीय लोग, समाजसेवी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मृतक के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे. इस दौरान धनबाद के मेयर संजीव सिंह और डिप्टी मेयर अरुण चौहान भी उनके आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया. उन्होंने हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया और मामले में सख्त कार्रवाई की बात कही.

 

मीडिया से बातचीत में मेयर संजीव सिंह ने घटना को बेहद मार्मिक बताते हुए कहा कि शुभम यादव समाज की मुख्यधारा में लौटकर एक नई पहचान बनाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनकी इस तरह निर्मम हत्या होना बेहद दुखद है. उन्होंने प्रशासन से अपील की कि इस मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की जाए.

 

मेयर ने यह भी बताया कि शुभम यादव ने पहले ही पुलिस महानिदेशक (DGP) को एक आवेदन दिया था जिसमें कुछ लोगों का नाम उल्लेखित था. उन्होंने मांग की कि उस पत्र को जांच का अहम आधार बनाया जाए और उसमें जिनका नाम है उनकी भी गहन जांच की जाए. उन्होंने बाघमारा क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वहां आतंक का माहौल बन गया है.

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन तत्वों के कारण क्षेत्र में अशांति फैल रही है उनके खिलाफ कड़ी और निर्णायक कार्रवाई होनी चाहिए ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बहाल हो सके. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शुभम यादव हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए ताकि कानून का भय अपराधियों में कायम हो सके.

 

गौरतलब है कि शुक्रवार शाम अपराधियों ने घर में घुसकर शुभम यादव को गोली मार दी थी. गंभीर रूप से घायल शुभम को अशर्फी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही