Search

 
 
 

परशुराम जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव से जगमगाया देवघर, 19 को निकलेगी शोभायात्रा

देवघर शहर का भगवान परशुराम चौक दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जब भगवान श्री परशुराम सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित भगवान परशुराम जन्मोत्सव आयोजन समिति ने जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया. श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया.
 
  •  शहर में गूंजे जयकारे, परशुराम चौक से बजरंगी चौक तक सजे दीप, महाप्रसाद वितरण की भी तैयारी 

Deoghar : देवघर शहर का भगवान परशुराम चौक दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जब भगवान श्री परशुराम सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित भगवान परशुराम जन्मोत्सव आयोजन समिति ने जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया. श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया. 

 

कार्यक्रम के तहत संध्या करीब 6 बजे परशुराम चौक से लेकर बजरंगी चौक तक दीप जलाकर पूरे मार्ग को रोशन किया गया. सैकड़ों दीपों की जगमगाहट ने न केवल क्षेत्र को आलोकित किया, बल्कि लोगों के मन में आस्था और उत्साह का संचार भी किया. दीपोत्सव में शामिल श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में नजर आए और पूरे उत्साह के साथ आयोजन में भाग लिया.

 

इस दौरान भगवान परशुराम की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए. आयोजन में युद्धिरष्ठ राय, बालेश्वर प्रसाद सिंह, डॉ गौरव कुमार सिंह, डॉ गौरी शंकर, संजीत कुमार राय, भावेश भूषण, रामसेवक सिंह गुंजन, राजेश कुमार सिंह, उत्तम कुमार शाही, मयंक राय, शुभम राय, मुकेश पाठक और अभयानंद झा सहित कई गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर भगवान परशुराम से सुख-समृद्धि की कामना की. श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए जयकारों से पूरा परशुराम चौक गुंजायमान हो उठा.

 

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह दीपोत्सव भगवान परशुराम जन्मोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक भावना को बढ़ावा मिलता है. कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के सदस्यों और स्थानीय युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही.

 

वहीं, रविवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी. सुबह कुंडा स्थित हथगढ़ मैदान से एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी. शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और भक्तों का उत्साह देखने को मिलेगा.

 

शोभायात्रा के समापन के बाद शाम को पुनः परशुराम चौक पर महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेने और भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया है. पूरे शहर में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही