Search

 
 
 

LPG की कमी व PNG पर अधिक वैट को लेकर चैंबर ने जताई चिंता, सरकार से हस्तक्षेप की मांग

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव उप समिति की बैठक आज चैंबर भवन में आयोजित की गई. बैठक में घरेलू (डोमेस्टिक) एवं व्यावसायिक (कमर्शियल) गैस सिलिंडर की डिलीवरी में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
 

Ranchi : झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव उप समिति की बैठक आज चैंबर भवन में आयोजित की गई. बैठक में घरेलू (डोमेस्टिक) एवं व्यावसायिक (कमर्शियल) गैस सिलिंडर की डिलीवरी में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

 

बैठक में बताया गया कि शादी-विवाह का सीजन शुरू होने के साथ ही गैस सिलिंडर की मांग बढ़ गई है, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण आम उपभोक्ताओं में चिंता का माहौल है. होटल, रेस्त्रां और बैंक्वेट हॉल संचालकों को भी सिलिंडर की कमी से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके व्यवसाय पर नकारात्मक असर पड़ रहा है.

 

इस दौरान पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन लेने में हो रही असुविधाओं पर भी गंभीर चर्चा हुई. सदस्यों ने कहा कि झारखंड में पीएनजी पर 15 प्रतिशत वैट लागू है, जबकि पड़ोसी राज्य बिहार में यह मात्र 5 प्रतिशत है.

 

इस असमानता के कारण राज्य के उपभोक्ताओं और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. चैंबर ने राज्य सरकार से पीएनजी पर वैट दर घटाने की मांग की, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा मिले.

 

उप समिति के चेयरमैन जसविंदर सिंह ने कहा कि पहले से ही महंगाई से परेशान जनता को राहत देने के लिए पीएनजी पर टैक्स कम करना जरूरी है. चैंबर के उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने कहा कि शादी-विवाह के सीजन में सिलिंडर की कमी गंभीर समस्या बनती जा रही है और औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ होटल व बैंक्वेट संचालकों को भी पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल रही है. उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की.

 

उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने पीएनजी कनेक्शन लेने में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने की आवश्यकता बताई, जबकि सह सचिव नवजोत अलंग ने कहा कि अधिक वैट दर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है, जिसे कम किया जाना चाहिए.

 

बैठक के अंत में चैंबर ने सरकार से शीघ्र हस्तक्षेप कर गैस सिलिंडर की आपूर्ति सुचारू करने और पीएनजी से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग की.

 

बैठक में उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, सह सचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, उप समिति चेयरमैन जसविंदर सिंह समेत अनीश सिंह, बिनोद तुलस्यान, आलोक सिंह, अमित मोदी, दिलीप कुमार, आनंद जालान, किशन अग्रवाल और राजीव प्रकाश चौधरी सहित कई सदस्य उपस्थित थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही