Search

 
 
 

Dhanbad News : छाताबाद में भू-धंसान में 20 घर जमींदोज, खौफ के साये में 500 की आबादी, सांसद को झेलना पड़ा गुस्सा

धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो शनिवार को छाताबाद के भू-धंसान प्रभावित इलाके में पहुंचे. उन्हें स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा.
 
सांसद के समक्ष गुस्से का इजहार करते प्रभावित लोग.

Dhanbad : धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में शुक्रवार को हुई भीषण भू-धंसान के बाद शनिवार को भी इलाके में दहशत का माहौल रहा. करीब 20 घर जमींदोज होने के साथ जमीन पर जगह-जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं. पीसीसी सड़क भी कई जगह धंस गई और सड़क का हिस्सा उखड़ गया है. दर्जनों लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. मुहल्ले की 500 से अधिक आबादी दहशत में है. 

 


भू-धंसान के डर से कई परिवार अपने घरों से बाहर रहने को मजबूर हैं. लोगों ने घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाना शुरू कर दिया है.रात में लोग घरों के अंदर जाने से डर रहे हैं. इलाके में हर तरफ अनहोनी की आशंका और भय का माहौल है.

 

भू-धंसान स्थल पर पहुंचे सांसद, लोगों ने जताया आक्रोश

धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो शनिवार को छाताबाद के भू-धंसान प्रभावित इलाके में पहुंचे. उन्हें स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. लोगों ने सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास, मुआवजा ल तत्काल राहत की मांग की. सांसद ने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. कहा कि कतरास क्षेत्र में लंबे समय से कोयला खनन के कारण कई इलाकों की जमीन अंदर से खोखली हो चुकी है. उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग की.


ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया कि बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग कंपनियां कोयला उत्पादन के दौरान DGMS के नियमों की अनदेखी कर रही हैं. पिछले एक साल में कतरास क्षेत्र में भू-धंसान की घटनाएं बढ़ी हैं. प्रशासन और बीसीसीएल को प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने के साथ पूरे इलाके का सर्वे कराना चाहिए.


हैवी ब्लास्टिंग को बताया हादसे की वजह

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से की जा रही हैवी ब्लास्टिंग के कारण जमीन के अंदर हलचल हुई और भू-धंसान की घटना सामने आई. लोगों ने कहा कि घटना के बाद से वे इतने डरे हुए हैं कि ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं. कई परिवार रात-दिन घरों से बाहर रहने को मजबूर हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए और उचित मुआवजा दिया जाए. 
 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही