Dhanbad : धनबाद के रणधीर वर्मा चौक के समीप ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने नीट परीक्षा पेपर लीक और झारखंड में जेपीएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और झारखंड के शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. संगठन ने कहा कि परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए.
AISA के केंद्रीय उपाध्यक्ष जगजीत बनर्जी ने कहा कि आज देश में किसी भी स्तर की परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित नहीं रह गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि मैट्रिक से लेकर नीट और सीजीएल जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं तक में पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं.
उन्होंने कहा केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में विफल रही है, जिससे लाखों छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की.
वहीं AISA की छात्र नेत्री सेन्हा महतो ने झारखंड सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राज्य में शैक्षणिक सत्र लगातार विलंब से चल रहे हैं और छात्रों को समय पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध नहीं हो पा रही है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की.
छात्र नेत्री सेन्हा महतो ने कहा कि यदि सरकार पारदर्शी और समयबद्ध शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में सक्षम नहीं है, तो राज्य के शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए. प्रदर्शन के दौरान AISA कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई करने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment