Dhanbad News : धनबाद के लोगों को फिलहाल ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलती नहीं दिख रही है. शहर का सबसे व्यस्त मार्ग गया पुल के रास्ते आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को आए दिन लंबे जाम से जूझते हुए ही अपनी मंजिल तय करनी पड़ रही है. गया पुल के समानांतर नए अंडरपास का निर्माण कार्य विभागीय सुस्ती के कारण काफी धीमी गति से चल रहा है.
इसे भी पढ़ें
निर्माण स्थल से बिजली के पोल, भूमिगत केबल व जलापूर्ति पाइपलाइनों की शिफ्टिंग अब तक नहीं हो सकी है. इसके चलते प्रोजेक्ट का काम रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है. अंडरपास निर्माण में हो रही देरी को लेकर भाजपा व JMM के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है.
धनबाद के साथ हो रहा सौतेला व्यवहारः भाजपा
धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने निर्माण कार्य की धीमी गति के लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि नए गया अंडरपास का काम शुरू तो हुआ है, लेकिन राज्य सरकार इसके प्रति जान-बूझकर नकारात्मक रवैया अपना रही है.धनबाद की जनता भाजपा को बहुमत देती है, इसीलिए सरकार शहर के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है. बिजली पोल, केबल और जलापूर्ति पाइप शिफ्टिंग जैसे बुनियादी काम रोककर जनता को परेशान किया जा रहा है.
जेएमएम का जवाब- बारिश बनी बाधा, जल्द पूरा होगा काम
इधर, जेएमएम नेता चंद्रशेखर अग्रवाल ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह गंभीर है. शहर में मटकुरिया फ्लाईओभर का निर्माण कार्य सुचारू रूप से जारी है. गया पुल अंडरपास का काम भी प्रगति पर है, लेकिन हालिया बारिश के कारण पुल पुशिंग का काम प्रभावित हुआ है. बारिश थमते ही पुशिंग का काम तेजी से शुरू कर दिया जाएगा. बिजली पोल, केबल व जलापूर्ति पाइपलाइनों की शिफ्टिंग भी जल्द होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

