Dhanbad : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए 8 -9 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है. कैंप में मतदाताओं से दावा व आपत्ति प्राप्त की जा रही है. इसकी गतिविधियों का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने शनिवार को जिले के कई मतदान केंद्रों का भ्रमण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत दावा व आपत्ति प्राप्त करने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर दो चरणों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे. पहला कैंप 8 व 9 अगस्त तथा दूसरा कैंप 22 व 23 अगस्त को लगाया जाएगा.
मतदाता 4 सितंबर 2026 तक दावा व आपत्ति दर्ज करा सकेंगे.उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या जो 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 व घोषणा पत्र भरने का अवसर मिलेगा.
वहीं जिन मतदाताओं का वर्तमान मतदान केंद्र उनके घर से काफी दूर है अथवा एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं वे फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक सुधार एवं स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसका उद्देश्य परिवार के पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर दर्ज कराना भी है.उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच अवश्य करें. घर बैठे ऑनलाइन आवेदन के लिए ECINET App डाउनलोड किया जा सकता है.
इसके अलावा voters.eci.gov.in और ceo.jharkhand.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन व सुधार की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. किसी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए आयोग के टोल फ्री नंबर 18003311950 अथवा वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है.
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिले के सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी. इसके बाद 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक सभी मतदान केंद्र क्षेत्रों में होम टू रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा.
इसके तहत पात्र मतदाताओं के नामांकन, नाम स्थानांतरण तथा परिवार के सदस्यों को एक ही मतदान केंद्र पर दर्ज कराने के लिए फैमिली-टुगेदर स्टीकर अभियान भी चलाया जाएगा.प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष कैंप का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच करें तथा आवश्यक सुधार के लिए निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करें.


Leave a Comment