- एसएसपी बोले- बरमसिया में लगेगा हाइट बैरियर
Dhanbad News : दुर्गापूजा शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर धनबाद जिला प्रशासन अलर्ट है. सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है. एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को न्यू टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. इसमें विधि-व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई व लोगों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों व पूज समितियों को दिशा-निर्देश दिए गए.
इसे भी पढ़ें
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा व विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. सभी पूजा समितियों को विसर्जन मार्ग का पहले से भौतिक सत्यापन करने और विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की तकनीकी जांच कराने का निर्देश दिया. प्रत्येक पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण रखना अनिवार्य होगा. पंडालों में सुरक्षा के लिए सादे लिबास में भी पुलिस बल तैनात रहेंगे. महिला व पुरुष की अलग-अलग कतारें बनाने व पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर तैनात करने को कहा गया.
भारी वाहनों पर रोक, सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
एसएसपी ने कहा कि भीड़ के समय शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. बरमसिया में हाइट बैरियर लगाया जाएगा. नए पार्किंग स्थल भी चिह्नित किए जा रहे हैं. कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा. सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी रहेगी. व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन से अफवाहों पर रोक लगाने के लिए ग्रुप की सेटिंग ओनली एडमिन कैन पोस्ट रखने की अपील की गई.
एसएसपी ने कहा कि आपात स्थिति में डायल 112 के अलावा कंट्रोल रूम के चार अन्य मोबाइल नंबर भी सक्रिय रहेंगे. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. पंडालों में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर के साथ साइबर अपराध और नशामुक्ति से संबंधित पोस्टर भी लगाने होंगे.
स्ट्रीट लाइटें होंगी दुरुस्त, तीन चरणों में होगी तालाबों की सफाई
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान निर्बाध बिजली और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. शहर की स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जा रहा है. उन्होंने प्रतिमाओं का विसर्जन नगर निगम के चिह्नित जलाशयों व स्थानों पर ही करने की अपील की. प्रतिमा विसर्जन के बाद और छठ पूजा से पहले तालाबों की तीन चरणों में सफाई की जाएगी. गोल्फ ग्राउंड और कोहिनूर वेंडिंग जोन में पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
बैठक में विधायक राज सिन्हा, मेयर संजीव सिंह, चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, एसडीओ लोकेश बारंगे सहित अन्य मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

