Dhanbad News : हाउसिंग कॉलोनी स्थित कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को आगामी 7 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध मार्च की तैयारियों को लेकर आपातकालीन बैठक हुई. बैठक में कांग्रेस के अंचल कार्यकर्ता और मंडल प्रभारियों ने हिस्सा लिया.
बैठक के दौरान विरोध मार्च की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य विरोध मार्च में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा.
इसे भी पढ़ें
बैठक के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि इंडिया महागठबंधन की ओर से 7 अक्टूबर को लोकतंत्र की रक्षा और कथित वोट चोरी के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और लोगों के नाम हटाए जाने के मुद्दे को लेकर महागठबंधन सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराएगा.
संतोष सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन के घटक दल SIR प्रक्रिया के माध्यम से लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के आरोप को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस, भाकपा माले, राजद, झामुमो समेत इंडिया महागठबंधन के सभी घटक दल एकजुट होकर 7 अक्टूबर के विरोध मार्च में शामिल होंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर लोकतंत्र की रक्षा की आवाज को बुलंद करने की अपील की.

