Ranchi/Jamtara News: जामताड़ा के सब-जज ने विधि मंत्रालय से गिरिडीह के तीन वकीलों के खिलाफ शिकायत की थी. साथ ही उनका लाइसेंस रद्द करने की मांग की थी. विधि मंत्रालय ने सब-जज के शिकायती पत्र को बार काउंसिल ऑफ इंडिया को भेज दिया है. इन तीन वकीलों में से दो के खिलाफ जिला बदर करने की कार्यवाही भी चल रही है.
जामताड़ा के सब-जज नईम अंसारी ने विधि मंत्रालय और बार काउंसिल ऑफ इंडिया से गिरिडीह के तीन वकीलों के खिलाफ शिकायत थी. इसमें बब्लू अंसारी, सद्दाम और शेर अली का नाम शामिल है. सब-जज द्वारा भेजे गये शिकायती पत्र में इन वकीलों पर जमीन माफिया होने का आरोप लगाया गया है. इसमें यह कहा गया कि इन तीनों वकीलों ने 50-60 लोगों का एक समूह बना रखा है. राजस्व से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की मदद से फर्जी वंशवाली बनाकर दूसरों की जमीन का फर्जी दस्तावेज बनाते हैं. इसके बाद इसे बेचते हैं.
इसे भी पढ़ें -
सब-जज को इन लोगों ने जमीन के नाम पर गिरिडीह में पदस्थापन के दौरान ठगा है. उस दौरान बब्लू, सद्दाम व अन्य ने जमीन बिक्री के नाम पर उनके साथ एकरारनामा किया और बतौर अग्रिम पांच लाख रुपये लिया. जांच पड़ताल के दौरान इस बात की जानकारी मिली कि बब्लू व अन्य ने एक महिला के नाम पर फर्जी वंशावली बनाकर छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम के दायरे में शामिल जमीन का फर्जी दस्तावेज तैयार किया. इसी फर्जी दस्तावेज के सहारे जमीन बेचने का एकरारनामा किया.
फर्जी दस्तावेज के सहारे जमीन बेचने की कोशिश की जानकारी मिलने के बाद न्यायिक अधिकार नईम अंसारी ने इन लोगों के खिलाफ गिरिडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसके अलावा उस महिला ने भी इन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी, जिस महिला की जमीन का फर्जी दस्तावेज तैयार बेचने की कोशिश की गयी थी. विधि मंत्रालय ने सब-जज की शिकायती पत्र को बार काउंसिल ऑफ इंडिया को भेज दिया है, ताकि शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
सब-जज ने ठगी के इस मामले में गिरिडीह के उपायुक्त को जमीन माफिया के रूप में काम करने वाले वकीलों के खिलाफ जिला बदर करने की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया था. शिकायत पत्र में वर्णित तथ्यों के आधार पर उपायुक्त ने बब्लू और सद्दाम नाम के वकीलों सहित अन्य के खिलाफ जिला बदर करने की कार्यवाही शुरू कर दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

