- पुलिस ने संभाला मोर्चा
- प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
Dhanbad News : गोल्फ ग्राउंड में रविवार को यूट्यूबर और ब्लॉगर केल्विन आर्यन के पब्लिक मीट कार्यक्रम में भारी बवाल हो गया. झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे प्रशंसकों की भीड़ अचानक बेकाबू हो गई. देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. इस दौरान जमकर मारपीट, धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ हुई. उपद्रवियों ने मंच पर चढ़कर पंडाल फाड़ दिए और साउंड सिस्टम को भी नुकसान पहुंचाया. घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है.

भीड़ ने स्टेज में तोड़फोड़ की
इसे भी पढ़ें
राजकीय शोक के कारण प्रशासन ने लगाई थी डीजे पर रोक
बताया गया कि आयोजकों ने कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए बड़े डीजे और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की थी. इस बीच मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य सरकार ने दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा कर दी. राजकीय शोक को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर डीजे बजाने पर रोक लगा दी और कार्यक्रम को सादगी के साथ आयोजित करने का निर्देश दिया. शुरुआत में स्थिति सामान्य रही. लेकिन कार्यक्रम स्थल पर लगातार बढ़ती भीड़ के कारण हालात बिगड़ते चले गए. भीड़ इतनी अधिक हो गई कि आयोजकों के लिए उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया.

आर्यन केल्विन के शो में धक्का-मुक्की
पुलिस को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
हंगामा बढ़ने के बाद मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. मारपीट और उपद्रव बढ़ता देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने कार्यक्रम को बंद कराया और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया. घटना के दौरान कुछ समय के लिए पूरे गोल्फ ग्राउंड में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

उग्र भीड़ को संभालने की कोशिश करती पुलिस
भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
घटना के बाद कार्यक्रम के आयोजन और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. जब आयोजकों को झारखंड के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की जानकारी थी तो भीड़ नियंत्रण के लिए निजी सुरक्षा कर्मियों और पर्याप्त वालंटियर की व्यवस्था क्यों नहीं की गई.
वहीं राजकीय शोक के दौरान इतने बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम को अनुमति देने और संभावित भीड़ का आकलन करने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि भारी भीड़ की संभावना के बावजूद पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. फिलहाल गोल्फ ग्राउंड की घटना ने आयोजकों की तैयारियों के साथ-साथ प्रशासन की भीड़ प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

आर्यन केल्विन के शो में पड़ोसी राज्यों से भी जुटे प्रशंसक
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

