Ranchi News : झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 121 सितंबर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात भी हो सकता है. वहीं 9 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. इस दौरान राज्य के उत्तर-पश्चिमी और इससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
इसे भी पढ़ें
व्रजपात के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना
आईएमडी के अनुसार, 7 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है. इस दौरान कहीं-कहीं वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. 8 सितंबर को भी राज्य के अनेक हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है. इस दौरान वज्रपात के साथ तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है.
तीन जिलों को सतर्क रहने की सलाह
9 सितंबर को मौसम का असर और बढ़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश होने की प्रबल संभावना है. उत्तर-पश्चिमी झारखंड और इससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग में विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है.
12 को भी हो सकती है बारिश
10 और 11 सितंबर को भी राज्य के अनेक हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन का दौर जारी रहने की संभावना है. 11 सितंबर तक कुछ इलाकों में वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 12 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
तापमान में भी आएगी गिरावट
बारिश और बादलों के असर से अगले 2 से 3 दिनों के बाद राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
रांची में भी बारिश का दौर
राजधानी रांची में 7 सितंबर को आसमान सामान्यतः बादल से ढका रहेगा. एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 8 सितंबर को रांची का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
9 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 10 से 12 सितंबर के बीच भी रांची में बादल और बारिश का दौर जारी रह सकता है.
वज्रपात के दौरान रहें सावधान
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. वज्रपात के समय खुले मैदान, ऊंचे पेड़, बिजली के खंभे और अन्य खुले स्थानों से दूर रहने को कहा गया है. तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

