Dhanbad: टुंडी प्रखंड कार्यालय इन दिनों आधार कार्ड बनवाने और उसमें सुधार कराने वाले लोगों की भारी भीड़ का केंद्र बना हुआ है. प्रतिदिन सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष, बुजुर्ग, दिव्यांग और छोटे बच्चों को लेकर पहुंची माताएं प्रखंड कार्यालय परिसर में लंबी कतारों में खड़ी नजर आ रही हैं. भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच घंटों इंतजार करना लोगों की मजबूरी बन गई है. जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सुबह से ही आधार केंद्र के बाहर लोगों की लंबी लाइन लग जा रही है. कई लोग अपना नंबर आने की उम्मीद में घंटों इंतजार करते हैं, लेकिन सीमित संसाधनों और अधिक भीड़ के कारण सभी का काम समय पर नहीं हो पाता है. इससे ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है.

प्रखंड कार्यालय पहुंचे लोगों ने बताया कि आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, पता या अन्य त्रुटियों के कारण उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है. कई बुजुर्गों और दिव्यांगों की पेंशन आधार में गड़बड़ी के कारण रुकी हुई है. वहीं नवविवाहित महिलाओं को बैंक खाते, राशन कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेजों में नाम एवं पता अपडेट कराने के लिए आधार कार्ड में संशोधन कराना जरूरी हो गया है. इसी वजह से लोग कई किलोमीटर दूर स्थित गांवों से यात्रा कर टुंडी प्रखंड मुख्यालय पहुंच रहे हैं. कई परिवार छोटे बच्चों को लेकर सुबह से ही लाइन में लग जाते हैं. जिससे उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड कार्यालय परिसर में भीड़ के अनुरूप बैठने और छाया की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. गर्मी के कारण बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और छोटे बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. कई लोग घंटों खड़े रहने को मजबूर हैं. जबकि पीने के पानी और विश्राम की समुचित व्यवस्था की भी आवश्यकता महसूस की जा रही है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि टुंडी की भौगोलिक स्थिति और ग्रामीण आबादी को देखते हुए पंचायत स्तर पर विशेष आधार शिविर आयोजित किए जाएं या स्थायी आधार केंद्र स्थापित किए जाएं. उनका कहना है कि यदि पंचायतों में यह सुविधा उपलब्ध हो जाए तो लोगों को प्रखंड मुख्यालय तक नहीं आना पड़ेगा जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी. ग्रामीणों का मानना है कि पंचायत स्तर पर आधार सेवाएं शुरू होने से बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा प्रखंड कार्यालय में लगने वाली भीड़ भी कम होगी.
फिलहाल टुंडी प्रखंड कार्यालय में आधार कार्ड बनवाने और सुधार कराने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. बढ़ती भीड़ को देखते हुए ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन पर टिकी है. लोगों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं को देखते हुए पंचायत स्तर पर आधार सुविधा उपलब्ध कराने और प्रखंड कार्यालय में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment