Dhanbad News : साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए धनबाद पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में बुधवार को डीएवी पब्लिक स्कूल कोयला नगर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपाय बताए.
धनबाद की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसे भी पढ़ें
ग्रामीण एसपी ने कहा कि साइबर अपराधी बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, रिश्तेदार या किसी प्रतिष्ठित संस्थान का कर्मचारी बनकर लोगों को झांसे में लेते हैं. इनाम, नौकरी, लोन, निवेश, केवाईसी अपडेट व बिजली बिल के नाम पर भेजे गए फर्जी लिंक के जरिए भी ठगी की जाती है. उन्होंने छात्रों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक डिटेल, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी.
उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर भी जोर दिया. कहा कि अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने और निजी तस्वीरें या वीडियो सार्वजनिक करने से बचें. मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें और संदिग्ध लिंक या मैसेज को आगे न बढ़ाएं. साइबर ठगी होने पर घबराने की बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें. समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने या रिकवर करने की संभावना बढ़ जाती है.
कार्यक्रम में साइबर डीएसपी प्रदीप कुमार साव ने भी छात्रों को साइबर अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी. मौके पर सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार, स्कूल की प्राचार्य डी बनर्जी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

