- बिजली-पानी संकट से लेकर हाथियों के आतंक से निबटने की तैयारी
Dhanbad News : धनबाद आदित्य रंजन गुरुवार को अचानक अधिकारियों की टीम के साथ टुंडी और पूर्वी टुंडी प्रखंड के दौरे पर पहुंच गए. उनके साथ टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, डीडीसी सन्नी राज और डीएफओ विकास पालीवाल भी थे. उन्होंने विकास योजनाओं की प्रगति से लेकर ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं, स्वास्थ्य सेवाओं और जंगली हाथियों से नुकसान का जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें
निरीक्षण के दौरान टुंडी सीएचसी में हाल ही में नवजात बच्ची की मौत का मामला प्रमुखता से उठा. डीसी ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मामले की गहन जांच कराई जा रही है. जांच में जिन डॉक्टरों या स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही सामने आएगी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सबस्टेशन की जमीन पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
अधिकारियों की टीम ने टुंडी और पूर्वी टुंडी के सीमावर्ती क्षेत्र में प्रस्तावित नए बिजली सबस्टेशन की जमीन का जायजा लिया. इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने उक्त जमीन पर दावा करते हुए मामला अधिकारियों के सामने उठाया. ग्रामीणों ने क्षेत्र में पेयजल समस्या से भी डीसी को अवगत कराया.
डीसी ने कहा कि टुंडी पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां सामान्य बोरिंग से पानी उपलब्ध कराना मुश्किल है. समस्या के स्थायी समाधान के लिए इलाके में बड़ा तालाब की योजना बनाई जाएगी.तालाब के पानी को फिल्टर कर पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी.
हाथी कॉरिडोर का निरीक्षण
टुंडी क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही और ग्रामीणों की सुरक्षा भी अधिकारियों के दौरे का अहम हिस्सा रही. डीएफओ विकास पालीवाल ने क्षेत्र के जंगलों की भौगोलिक स्थिति और हाथियों की गतिविधियों से डीसी को अवगत कराया. इसके बाद अधिकारियों ने हाथियों के आवागमन को सुरक्षित बनाने और मानव-हाथी संघर्ष कम करने के विकल्प के तौर पर हाथी कॉरिडोर का निरीक्षण किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

