- प्रदूषण हॉटस्पॉट पर बढ़ेगी निगरानी
- भूली का वार्ड 15 बना सबसे स्वच्छ वार्ड
Dhanbad News : धनबाद के न्यू टाउन हॉल में बुधवार को स्वच्छ वायु दिवस का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, एसडीएम, एसडीओ, डीएफओ, सीएसआईआर-सीआईएमएफआर के निदेशक व बीसीसीएल के जीएम समेत कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान कोयलांचल की वायु गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई.
इसे भी पढ़ें
बताया गया कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में धनबाद ने देशभर में 18वां स्थान हासिल किया है. पिछले वर्ष की तुलना में धनबाद ने 11 पायदान की छलांग लगाई है. वहीं, 10 लाख से अधिक आबादी वाले झारखंड के शहरों की श्रेणी में धनबाद ने शीर्ष स्थान हासिल किया है.
बैठक में कोयला ढुलाई वाले मार्गों और खनन क्षेत्रों में धूल नियंत्रण के लिए वाटर स्प्रिंकलर व फॉग कैनन का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया गया. कोयला लदे ट्रकों और ट्रॉलियों को पूरी तरह तिरपाल से ढकना अनिवार्य किया जाएगा. ताकि परिवहन के दौरान धूल और कोयले के कण हवा में न फैलें.
नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की मैकेनिकल स्वीपर से नियमित सफाई कराने पर भी जोर दिया गया. सड़क किनारे कच्ची मिट्टी को पक्का करने तथा बीसीसीएल के ओबी डंप क्षेत्रों में सघन पौधारोपण कराने का निर्देश दिया गया.
शहर के प्रवेश द्वारों और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास ग्रीन बफर जोन विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई. प्रदूषण हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में रियल टाइम एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन की संख्या बढ़ाने तथा खुले में कचरा जलाने पर भारी जुर्माना लगाने की नीति पर भी सहमति बनी.
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भूली के वार्ड 15 को जिले का सबसे स्वच्छ वार्ड चुना गया है. बैठक में भूली मॉडल की सफाई और वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को नगर निगम के अन्य वार्डों में भी लागू करने की बात कही गई. नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि शहर की सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार पौधारोपण किया जा रहा है. पौधों की नियमित निगरानी भी की जा रही है.
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद की हवा को स्वच्छ बनाए रखने में यहां की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. सभी लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और स्वच्छ वायु अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना होगा. सामूहिक प्रयास से ही शहर की आबोहवा को बेहतर बनाया जा सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

