Dhanbad News : BCCL के धनबाद स्थित अग्नि प्रभावित व डेंजर इलाकों में भू-धंसान की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला केंदुआडीह क्षेत्र के कुर्मीडीह पांडे बस्ती का है. यहां धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग के समीप खाली जमीन पर गुरुवार देर शाम अचानक जमीन धंसने से दो बड़े गोफ बन गए थे. गोफ से गैस का रिसाव होने से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया.
इसे भी पढ़ें
https://lagatar.in/road-projects-in-ranchi-gain-momentum
सूचना मिलने पर BCCL प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर फेंसिंग (घेराबंदी) करा दी. ताकि कोई व्यक्ति या मवेशी हादसे का शिकार न हो. BCCL अधिकारियों की देखरेख में शुक्रवार को दोनों गोफ को भरने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया.
झामुमो नेता महादेव हांसदा ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि आबादी के इतने करीब भू-धंसान होना बेहद खतरनाक है. उन्होंने प्रबंधन से मांग की कि अग्नि प्रभावित इलाके में रह रहे लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वासित किया जाए.
इधर, BCCL अधिकारी लव प्रताप सिंह ने बताया कि गोफ खाली जमीन पर बना है. उसकी भराई का काम तेजी से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कुर्मीडीह व आसपास के प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए सर्वे पूरा हो चुका है और प्रक्रिया जारी है. उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि सुरक्षा के मद्देनजर धंसान वाले क्षेत्र से दूर रहें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
