Dhanbad News : उत्तरी छोटानागपुर के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा सोमवार को धनबाद पहुंचे. समाहरणालय परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया गया. इसके बाद उन्होंने धनबाद एसएसपी के नवनिर्मित कार्यालय व धनबाद थाना परिसर में बने हरित वाटिका पार्क का उद्घाटन किया.
इसे भी पढ़ें
समाहरणालय परिसर स्थित एसएसपी कार्यालय के जीर्णोद्धार के बाद इसे आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है. कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए फ्रंट ऑफिस, टेलीफोन सेक्शन और कंप्यूटर सेक्शन की व्यवस्था की गई है. कार्यालय आने वाले मुलाकातियों को टोकन दिया जाएगा जिससे मुलाकात की प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी हो सके. शिकायतों व मुलाकातियों की जानकारी ऑनलाइन रखी जाएगी.एसएसपी कार्यालय के गलियारों को भी आकर्षक बनाया जा रहा है.
इस अवसर पर एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, डीएसपी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. आईजी ने कहा कि नवनिर्मित एसएसपी कार्यालय के शुरू होने से पुलिस प्रशासन के कामकाज को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी. उन्होंने एसएसपी प्रभात कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए देश के 100 उत्कृष्ट आईपीएस अधिकारियों की सूची में शामिल होने पर बधाई दी.
उन्होंने कहा कि धनबाद थाना परिसर में विकसित हरित वाटिका पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देती है. पुलिस परिसर में हरियाली बढ़ाने की यह पहल पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर और सकारात्मक वातावरण तैयार करेगी. थाना आने वाले आम लोगों को भी स्वच्छ और शांत माहौल मिलेगा. एसएसपी प्रभात कुमार ने भी नई सुविधाओं को पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण बताया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

