Dhanbad News : जेपीएससी-जेएसएससी में गड़बड़ी के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के मुद्दे पर भाजपा व झामुमो आमने-सामने आ गए हैं. दोनों दलों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं. शनिवार को धनबाद के सर्किट हाउस में जेएमएम की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई. झामुमो नेताओं ने भाजपा पर छात्रों के आंदलन का राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया.
इसे भी पढ़ें
जेएमएम नेताओं ने छात्र आंदोलन में भाजपा के शामिल होने और उसे राजनीतिक रंग देने का विरोध किया. आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों की आड़ में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है. आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बनाकर राज्य का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
जेएमएम के जिला सचिव मन्नू आलम ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर पीछे से राजनीति कर रही है. वह न्यायपालिका के निर्णयों को स्वीकार नहीं करना चाहती और झारखंड को अस्त-व्यस्त करने की कोशिश कर रही है.
जेएमएम की मीडिया पैनलिस्ट डॉ. नीलम मिश्रा ने कहा कि भाजपा हेमंत सरकार से डरी हुई है. भाजपा का उद्देश्य शुरू से ही जाति और धर्म के नाम पर उन्माद फैलाना रहा है. छात्र आंदोलन के बहाने झारखंड में जिस तरह का राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है वह उचित नहीं है. छात्रों की मांगों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार होना चाहिए. मौके पर जेएमएम नेता चंद्रशेखर अग्रवाल समेत पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

