Dhanbad News : धनबाद कोयलांचल में प्रकृति, लोक आस्था और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक करम पर्व की धूम है. बाबा जे जेयो कर्मा गाछी, ठाढ़ ही हेयो कर्मा गाछी..., आपन करम, भायेक धरम… जैसे पारंपरिक लोकगीतों और मांदर की थाप से मंगलवार को पूरा कोयलांचल गूंज उठा.
इसे भी पढ़ें
https://lagatar.in/police-must-provide-written-reasons-at-the-time-of-arrest-supreme-court
करम पर्व को लेकर बहनों में खासा उत्साह देखने को मिला. भाइयों की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना को लेकर बहनों ने दिनभर निर्जला उपवास रखा. शाम को गांव-मुहल्लों और विभिन्न अखाड़ों में करम डाली स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई. श्रद्धालुओं ने करम गोसाईं की विधिवत पूजा कर परिवार की खुशहाली और भाइयों के मंगलमय जीवन की कामना की.
पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक झूमर गीतों का दौर शुरू हुआ. पारंपरिक वेश-भूषा में सजी महिलाओं और युवतियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर झूमर नृत्य किया. मांदर की थाप और लोकगीतों पर थिरकते उनके कदमों ने माहौल को उत्सव के रंग में रंग दिया. कई स्थानों पर युवा और बुजुर्ग भी इस उत्सव का हिस्सा बने.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
