Dhanbad News : भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने 1 सितंबर 2026 को देश की सेवा के 70 वर्ष पूरे कर 71वें वर्ष में प्रवेश किया. इस अवसर पर सोमवार को एलआईसी गेस्ट हाउस में बीमा कर्मचारी संघ, हजारीबाग मंडल की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई. मंडल अध्यक्ष हेमंत मिश्रा ने एलआईसी की सात दशक लंबी यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी दी.
हेमंत मिश्रा ने कहा कि वर्ष 1956 में एक छोटे पौधे के रूप में शुरू हुआ एलआईसी आज भारतीय वित्तीय क्षेत्र में विशाल बरगद बन चुका है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में एलआईसी की कुल संपत्ति 59 लाख करोड़ रुपये से अधिक है और निगम ने अब तक 55 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है.
इसमें करीब 40 लाख करोड़ रुपये केंद्र व राज्य सरकारों की प्रतिभूतियों तथा आवास, सिंचाई, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में निवेश किए गए हैं.उन्होंने यह भी बताया कि एलआईसी ने पॉलिसीधारकों के लिए 59,726 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बोनस घोषित किया है जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 5.2 प्रतिशत अधिक है .निगम करीब 99 प्रतिशत दावों का निपटारा करता है. पिछले वित्तीय वर्ष में 253.91 लाख दावों का भुगतान किया गया जबकि एलआईसी का सॉल्वेंसी रेश्यो 2.35 गुना रहा.
मिश्रा ने कहा कि 71वें स्थापना दिवस पर अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ एलआईसी की सुरक्षा और मजबूती के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है. प्रेस वार्ता में संगठन सचिव अमित कुमार, सहायक सचिव सुबीर कुमार राम समेत राकेश कुमार, राहुल प्रसाद, संजय पाठक, रबींद्र दुबे, आशीष रंजन, अभिषेक कुमार सहित अन्य मौजूद थे.

