Search

 
 
 

Dhanbad News: सांसद बनकर पुणे के कारोबारी से ठगे 12 लाख, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Dhanbad News: धनबाद के सांसद के नाम पर पुणे के शिवाजीनगर निवासी एक कारोबारी को सामूहिक कार्यक्रम आयोजित कराने का झांसा देकर 12 लाख रुपये ठग लिए गए. मामले की जांच करते हुए पुणे क्राइम ब्रांच की टीम धनबाद पहुंची और जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के भागा से मुख्य आरोपी बबलू को गिरफ्तार किया है.
 
सांसद के नाम पर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

Dhanbad News: सांसद का नाम, पद और रसूख का इस्तेमाल कर ठगी करने का एक मामला सामने आया है. धनबाद के सांसद के नाम पर पुणे के शिवाजीनगर निवासी एक कारोबारी को सामूहिक कार्यक्रम आयोजित कराने का झांसा देकर 12 लाख रुपये ठग लिए गए. मामले की जांच करते हुए पुणे क्राइम ब्रांच की टीम धनबाद पहुंची और जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के भागा से मुख्य आरोपी बबलू को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस ने भी सहयोग किया.


इसे भी पढ़ें:

 

पुणे क्राइम ब्रांच के अधिकारी के अनुसार आरोपी बबलू ने खुद को धनबाद का सांसद बताकर कारोबारी से संपर्क किया था. उसने धनबाद में सामूहिक विवाह और अन्य बड़े सामूहिक कार्यक्रम आयोजित कराने की बात कही. अपनी कथित राजनीतिक पहचान और प्रभाव का हवाला देकर उसने कारोबारी का भरोसा जीता और धीरे-धीरे उससे 12 लाख रुपये ले लिए.

 

काफी समय बीतने के बाद भी जब कार्यक्रम को लेकर कोई पहल नहीं हुई तो कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उसने पुणे में प्राथमिकी दर्ज कराई. इस मामले में कांड संख्या 270/26 दर्ज किया गया है.

 

किशोरी के मोबाइल से खुला आरोपी तक पहुंचने का रास्ता

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी कई लोगों के मोबाइल फोन लेकर उनसे बातचीत करता था. उसने एक किशोरी का मोबाइल फोन भी इस्तेमाल किया था. पुलिस ने मोबाइल फोन को ट्रेस किया तो जांच की कड़ी किशोरी तक पहुंच गई. पूछताछ में किशोरी ने बताया कि बबलू नामक व्यक्ति ने उससे मोबाइल फोन लेकर किसी से बातचीत की थी. किशोरी की निशानदेही पर पुलिस जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के भागा पहुंची और बबलू को गिरफ्तार कर लिया.

 

तीन लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ा

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक किशोरी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी. हालांकि पूछताछ के बाद तीन लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि बबलू को गिरफ्तार कर लिया गया. पुणे क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि ठगी की रकम 12 लाख रुपये से भी अधिक होने की आशंका है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं.

 

गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया. पुलिस आगे की पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही