Dhanbad News : धनबाद जिले के केंदुआ व करकेंद इलाके में जलसंकट गहरा गया है. केदुआ के मछली पट्टी व करकेन्द के पासी धौड़ा में पिछले कई दिनों से लोगों को पानी नहीं मिल रहा है. गहराते जलसंकट को देखते हुए धनबाद विधायक राज सिन्हा ने मोर्चा संभाल लिया है. पानी का प्रेशर बेहद कम रहने और कई स्थानों पर जलापूर्ति पूरी तरह ठप होने की शिकायतों के बाद विधायक ने विभागीय सचिव, माडा के शीर्ष अभियंताओं व नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में जलसंकट के स्थायी समाधान को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
धनबाद की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसे भी पढ़ें
https://lagatar.in/corruption-in-appointments-in-jharkhand-9-jpsc-member-anima-hansda-had-violated-rules
विधायक राज सिन्हा ने बताया कि क्षेत्र में नया मोटर लगा दिया गया है, जिसे मंगलवार से चालू किया जाएगा. इसके बाद पानी के प्रेशर में तत्काल सुधार आने की उम्मीद है. वहीं, केंदुआ में भू-धंसान के कारण क्षतिग्रस्त जलापूर्ति पाइपलाइन को ऊपर उठाकर दुरुस्त करने का काम भी शुरू कर दिया गया है. कार्य में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त मजदूर और संसाधन लगाए गए हैं. जलापूर्ति में बाधा बन रही बिजली की समस्या के समाधान के लिए नया ट्रांसफार्मर को जल्द चालू करने का निर्देश दिया गया है.
विधायक ने जलसंकट के स्थायी समाधान के लिए 147 एमएलडी क्षमता वाले एलएंडटी के नए जल संयंत्र से बच रहे करीब 100 एमएलडी सरप्लस पानी को माडा नेटवर्क से जोड़ने की योजना की जानकारी दी. कहा कि योजना के सफल होने पर धनबाद शहर को प्रतिदिन 80 से 90 एमएलडी अतिरिक्त पानी उपलब्ध हो सकेगा. इस प्रस्ताव को जिला प्रशासन, नगर विकास विभाग व पीएचईडी के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद अंतिम स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
