Dhanbad News : धनबाद में पहली बार राष्ट्रीय स्तर के आर्ट एग्जिबिशन का (कला प्रदर्शनी) आयोजन किया गया है. राजेंद्र सरोवर स्थित जीवन ज्योति में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से भावनाओं और रचनात्मकता की अनूठी दुनिया को जीवंत किया है.
धनबाद की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसे भी पढ़ें
प्रदर्शनी में पेंटिंग और मूर्तिकला के साथ ‘आर्ट स्टोरीटेलिंग’ विशेष आकर्षण के केंद्र हैं. इसके माध्यम से दर्शक कलाकृतियों को देखने के साथ-साथ उनके पीछे छिपी कहानी और कलाकार के संदेश को भी समझ सकेंगे.
एग्जिबिशन का आयोजन गिल्ड ऑफ फाइन आर्ट आर्टिस्ट्स की पिप्पा गोयल की पहल पर रोटरी क्लब, जीवन ज्योति संस्था व मेट्रो हार्ट फाउंडेशन के सहयोग से किया गया है. प्रदर्शनी में वाराणसी, हैदराबाद, कोलकाता, रांची, धनबाद समेत देश के विभिन्न हिस्सों से 21 कलाकार शामिल हैं. प्रदर्शनी में करीब 65 पेंटिंग और 10 मूर्तियां प्रदर्शित की गई हैं.
कहानी के जरिए समझेंगे कला का भाव
प्रदर्शनी की खासियत यह है कि यहां कला को सिर्फ प्रदर्शित नहीं किया जा रहा बल्कि उसके भाव और संदेश को समझाने का भी प्रयास किया जा रहा है. कोलकाता से पहुंचे स्टोरीटेलर कर्नल अभि दत्ता दर्शकों को पेंटिंग और अन्य कलाकृतियों के पीछे छिपी कहानियों से रूबरू कराएंगे.
कैनवास पर बनी हर रेखा, रंग और कंपोजिशन का क्या अर्थ है, कलाकार समाज को क्या संदेश देना चाहता है और किसी एब्सट्रैक्ट पेंटिंग के पीछे कौन सी भावना छिपी है, इसे कहानी के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा. इससे कला को आम लोगों के लिए और अधिक सहज और रोचक बनाने की कोशिश की जा रही है.
बच्चों के लिए आर्ट वर्कशॉप, विशेष प्रतियोगिता भी
तीन दिवसीय नेशनल आर्ट एग्जिबिशन 23 अगस्त तक चलेगा. 22 अगस्त को बच्चों के लिए विशेष आर्ट वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा. इसमें धनबाद के स्थानीय कलाकार विभिन्न स्कूलों के बच्चों को कला की बारीकियां सिखाने के साथ उनका मार्गदर्शन करेंगे. अंतिम दिन जीवन ज्योति स्कूल के विशेष बच्चों के लिए कला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

