Dhanbad : धनबाद में बिजली विभाग से जुड़ी आउटसोर्सिंग कंपनी के एक कर्मी की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान वासेपुर निवासी 45 वर्षीय मोहम्मद साजिद के रूप में हुई है. परिजनों ने कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है. उन्होंने मामले की जांच, मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद साजिद बिजली विभाग की आउटसोर्सिंग कंपनी रॉयल एंटरप्राइजेज में मेन-डे वर्कर के तौर पर कार्यरत थे. शुक्रवार को भूली मोड़ क्षेत्र में बिजली पोल पर मरम्मत कार्य के दौरान उन्हें करंट का झटका लगा और घायल होकर नीचे गिर पड़े. सहकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए जालान अस्पताल पहुंचाया गया.
वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत देख बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर स्थित मिशन अस्पताल रेफर कर दिया. लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार वालों ने आरोप लगाया कि कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरण और आवश्यक सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

