Dhanbad News : बीसीसीएल बस्ताकोला एरिया (झरिया) के भगतडीह स्थित पुराने आरएसपी कॉलेज के पीछे कामिनी कल्याण क्षेत्र में शनिवार को भू-धंसान की बड़ी घटना हुई. भू-धंसान व जमीन खिसकने से अफरा-तफरी मच गई. दर्जनों घरों में दरारें पड़ गई हैं. इससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. डरे-सहमे परिवार अपने घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं.
इसे भी पढ़ें
स्थानीय रैयतों और प्रभावित परिवारों का आरोप है कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हुई हैवी ब्लास्टिंग के कारण यह घटना हुई. तेज आवाज के साथ अचानक जमीन खिसकने लगी और कई घरों में दरारें आ गईं. प्रभावित मकानों में बिजय रवानी, रमेश रवानी, भोला रवानी, आशीष रवानी, गोबिंद सिंह, बिजय सिंह, बलराम रवानी, निरंजन रवानी, मानिक चंद रवानी और अजित रवानी के घर शामिल हैं.
2017 की घटना की यादें हुईं ताजा
स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 2017 में तत्कालीन रघुवर दास सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन उपायुक्त ए. दौड्डे के निर्देश पर ट्रेंच कटिंग का हवाला देते हुए आरएसपी कॉलेज परिसर को खाली कराया गया था9 अब दोबारा इसी क्षेत्र में भू-धंसान की घटना से लोगों की पुरानी आशंकाएं फिर गहरा गई हैं.
घटना से आक्रोशित रैयतों ने घंटों सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.सूचना मिलने पर बस्ताकोला एरिया के महाप्रबंधक एसके गायकवाड व धनबाद के मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया.
प्रभावित परिवारों को क्वार्टर में शिफ्ट करने की तैयारी
जीएम एसके गायकवाड़ ने कहा कि पिछले दो-तीन क्वार्टर से प्रभावित क्षेत्र में राहत के लिए त्वरित प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने प्रभावित लोगों से अपने आवश्यक कागजात तैयार रखने की अपील की. उन्होंने बताया कि जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें तत्काल आसपास के खाली क्वार्टरों में शिफ्ट कराया जा रहा है.
घटना स्थल पर पहुंचे मेयर संजीव सिंह ने कहा कि उन्होंने आरएसपी और झरिया क्षेत्र की स्थिति का स्वयं जायजा लिया है. जिन परिवारों के मकान अधिक क्षतिग्रस्त हुए हैं या जिनके घरों में गंभीर दरारें आई हैं, उन्हें तत्काल बीसीसीएल के क्वार्टरों में शिफ्ट कराने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि भू-धंसान के कारण कुछ पाइपलाइनें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं. इस संबंध में माडा के एसडीओ से बातचीत की गई है.एसडीओ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे और सर्वे के बाद क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत कराई जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

