- जनरेटर एक हफ्ते से खराब, बिजली कटते ही वेंटिलेटर-मॉनिटर हुए ठप्प
Dhanbad News: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) की व्यवस्था पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने बड़ा सवालिया निशान लगा दिया. सर्पदंश की शिकार गिरिडीह निवासी 48 वर्षीय पानमुनि देवी की सर्जिकल आईसीयू में उस वक्त मौत हो गई जब अस्पताल की बिजली करीब आधे घंटे तक पूरी तरह ठप्प रही.परिजनों का सीधा आरोप है कि बिजली जाते ही आईसीयू में लगे जीवनरक्षक उपकरण बंद हो गए जिससे मरीज की सांसें थम गईं.
सांप के काटने पर गिरिडीह से किया गया था रेफर
जानकारी के मुताबिक शनिवार को गिरिडीह में पानमुनि देवी को जहरीले सांप ने डंस लिया था. प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें SNMMCH धनबाद रेफर किया गया. जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत सर्जिकल आईसीयू में शिफ्ट कर दिया था.
इसे भी पढ़ें:
30 मिनट तक का अंधेरा
रविवार को अचानक सर्जिकल आईसीयू की बिजली कट गई. परिजनों का कहना है कि लगभग 30 मिनट तक बैकअप न मिलने के कारण वेंटिलेटर व अन्य जरूरी उपकरण बंद पड़े रहे. बिजली के साथ-साथ इमरजेंसी बैकअप का न होना मरीज पर भारी पड़ गया. इस दौरान वार्डों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा.
एक हफ्ते से खराब है जनरेटर
मामले में अस्पताल प्रबंधन ने अपनी लाचारी जताते हुए स्वीकार किया कि पिछले एक सप्ताह से अस्पताल का मुख्य जनरेटर खराब पड़ा है. इसी वजह से मेन पावर सप्लाई जाते ही बैकअप फेल हो रहा है और आईसीयू तक की बिजली प्रभावित हो रही है.
हालांकि महिला की मौत की वजह सांप का जहर था या बिजली गुल होने से बंद हुए उपकरण यह जांच का विषय है. लेकिन एक हफ़्ते से जनरेटर खराब रहने की बात मानकर अस्पताल प्रशासन ने खुद अपनी बड़ी लापरवाही उजागर कर दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

