Search

 
 
 

Dhanbad News :  28 जून से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, 4.24 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी  खुराक

जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत 28 से 30 जून तक 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी.अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
 

Dhanbad:  जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत 28 से 30 जून तक 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी.अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं.

 

 

इसकी जानकारी सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी.सिविल सर्जन ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को दो बूंद जिंदगी की अवश्य पिलाएं ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके. 

 

उन्होंने कहा कि बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए समय-समय पर पोलियो की खुराक देना बेहद जरूरी है.उन्होंने यह भी बताया कि भारत भले ही पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है लेकिन पड़ोसी देशों अफगानिस्तान और पाकिस्तान में अब भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं. ऐसे में किसी भी संभावित खतरे से बचाव के लिए सभी बच्चों को पोलियो की खुराक देना आवश्यक है.

 

अभियान के तहत 28 जून को जिलेभर के सभी बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी.अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 1,873 स्थायी बूथ, 79 ट्रांजिट बूथ, 16 मोबाइल टीमें और 8 विशेष सदस्यीय टीमों सहित कुल 1,976 टीमें तैनात की गई हैं.अभियान की निगरानी के लिए 392 सुपरवाइजर फील्ड में रहेंगे. 

 

वहीं पोलियो वैक्सीन की उपलब्धता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 137 सब-डिपो बनाए गए हैं.सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 28 जून को सुबह 8 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनबाद सदर से उपायुक्त आदित्य रंजन करेंगे.प्रेस वार्ता में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रोहित गौतम, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. दीपक कुमार, डीपीएम प्रतिमा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही