- धनबाद में शादी के नाम पर राजस्थान के परिवार से हुई थी लूट
- खरीदारी के बाद फर्जी शादी का किया नाटक
Dhanbad News : धनबाद पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस गिरोह ने राजस्थान से शादी करने आए परिवार के साथ धोखाधड़ी और मारपीट की थी. इन लोगों ने शादी का झांसा देकर परिवार को धनबाद बुलाया. यहां भारी खरीदारी कराई और फिर फर्जी शादी करवाकर मारपीट कर उन्हें भगा दिया था.
इसे भी पढ़ें
यह जानकारी डीएसपी मुख्यालय (1) कुमार विनोद ने प्रेसवार्ता में दी. उन्होंने बताया कि पीड़ित रमेश नट की शिकायत पर बरवाअड्डा थाना पुलिस ने जांच शुरू की. मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के 10 सदस्यों को धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों में अजय दास, राजेश कुमार, मंतोष साव, सुमन विश्वकर्मा, चंदन शर्मा, नीलम देवी, पूजा कुमारी, मकरी देवी, विशु यादव और राजेंद्र साव शामिल हैं. उनके पास से ठगे गए गहने, कपड़े और अन्य सामान बरामद कर लिए गए हैं.
डीएसपी ने कहा कि फिलहाल सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने पहले कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है.
यह है पूरा मामला
मामले की शुरुआत 3 सितंबर को हुई थी. धनबाद की सपना नाम की महिला ने राजस्थान निवासी रमेश नट से संपर्क किया. उसने रमेश के भतीजे इकबाल की शादी के लिए कुछ लड़कियों की तस्वीरें भेजी. बात पक्की होने पर रमेश अपने भाई, भतीजे इकबाल और भाभी के साथ धनबाद पहुंचे.
धनबाद पहुंचते ही गिरोह के सदस्यों ने लड़के वालों को झांसे में लेकर शादी के गहने और कपड़े खरीदवाए. इसके बाद बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के एक गांव में ले जाकर युवती की मांग में सिंदूर भरवा दिया और शादी संपन्न होने का नाटक किया.
फर्जी रस्मों के बाद जब लड़की वालों ने परिवार को अपने घर चलकर खाना खाने को कहा, तो लड़के वालों को कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ और उन्होंने जाने से मना कर दिया. इस पर गिरोह के सदस्यों ने उनके साथ मारपीट की और सारे सामान छीनकर उन्हें खदेड़ दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

