Dhanbad News: आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम ने बुधवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर गश्त और निगरानी के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद की. टीम ने ट्रेन संख्या 13051 के पीछे वाले जनरल कोच से छह बैग और दो थैले बरामद किए, जिनमें करीब 130 लीटर केन बीयर और अंग्रेजी शराब रखी हुई थी. बरामद शराब की कुल अंकित कीमत 38,160 रुपये बताई गई है.
जानकारी के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देश पर निरीक्षक प्रभारी धनबाद के नेतृत्व में पोस्ट स्तर पर स्पेशल टास्क टीम का गठन किया गया. गठित टीम बुधवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर अपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए गश्त और निगरानी कर रही थी. इसी दौरान ट्रेन संख्या 13051 के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंचने पर पीछे वाले जनरल कोच की जांच की गई.
जांच के दौरान कोच में एक साथ छह बैग और दो थैले संदिग्ध अवस्था में पड़े मिले. आरपीएफ जवानों ने कोच में मौजूद यात्रियों से बैग और थैलों के मालिकाना हक के बारे में पूछताछ की. लेकिन किसी भी यात्री ने उन पर अपना दावा नहीं किया.
आरपीएफ टीम नेजब सभी बैग और थैलों को खोलकर जांच की तो उसमें से बड़ी मात्रा में केन बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की गई. सभी बैग और थैलों को प्लेटफॉर्म संख्या-3 के हावड़ा छोर पर उतारा गया. गवाहों की मौजूदगी में जांच करने पर उसमें से 130 लीटर शराब और बीयर मिली, जिसकी कीमत 38,160 रुपये है.
बरामद शराब की बोतलों और केन पर FOR SALE IN WB ONLY लिखा था. प्रतिबंधित/कॉन्ट्राबैंड सामग्री होने के कारण आरपीएफ ने शराब और बीयर को जब्त कर ली और उसे अपने साथ आरपीएफ पोस्ट धनबाद ले आई. मामले में उप निरीक्षक प्रवीण कुमार की ओर से लिखित शिकायत तैयार की गई है. जब्त शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग धनबाद को सुपुर्द किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

