Dhanbad : राज्य सरकार की नई डायरेक्ट डोर स्टेप डिलिवरी व्यवस्था के खिलाफ शुक्रवार को धनबाद में एसएफसी मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा. बरमसिया स्थित एफसीआई गोदाम परिसर में राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) के सैकड़ों मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया. उनका आरोप है कि नई व्यवस्था लागू होने से उनके रोजगार पर उत्पन्न हो गया है. करीब 200 मजदूरों के परिवारों के सामने रोजी-रोटी का सवाल खड़ा हो गया है.

एफसीआई गोदाम के गेट पर प्रदर्शन करते मजदूर.
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मजदूर नेता सहदेव कुमार यादव ने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने से कांड्रा, बलियापुर व बरमसिया एसएफसी गोदामों में कार्यरत लगभग 200 मजदूरों की आजीविका पर संकट आ गया है. परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो जाएगा. उन्होंने कहा कि यदि सरकार नई व्यवस्था लागू करना चाहती है, तो मजदूरों को एफसीआई गोदाम में ही लोडिंग-अनलोडिंग का काम दिया जाए. अन्यथा शनिवार से रणधीर वर्मा चौक पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा.
प्रदर्शन के दौरान एफसीआई के प्रबंधक शंकर दयाल पांडेय ने मजदूरों से बातचीत कर उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया. कहा कि विभागीय निर्देशों के अनुसार फिलहाल धनबाद नगर निगम क्षेत्र के केवल कुछ प्रतिशत आवंटन का ही सीधे एफसीआई गोदाम से उठाव किया जा रहा है. एसएफसी गोदामों को बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है. नई व्यवस्था का उद्देश्य खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया को अधिक तेज, पारदर्शी और कम लागत वाला बनाना है.
हालांकि मजदूर एफसीआई प्रबंधन के आश्वासन के बाद भी संतुष्ट नहीं दिखे. उनका कहना है कि जब तक रोजगार की सुरक्षा को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता उनका विरोध जारी रहेगा. मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो शनिवार से रणधीर वर्मा चौक पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment