- अतिक्रमणकारियों को जल्द नोटिस थमाएगा प्रशासन
Dhanbad News : धनबाद शहर के पॉलिटेक्निक रोड स्थित पंपू तालाब के आसपास फैली करीब 15 एकड़ सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. धनबाद अंचलाधिकारी रामप्रवेश कुमार के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने सोमवार को उक्त जमीन की मापी और सीमांकन का काम शुरू किया. अब तक करीब 150 मकानों को चिह्नित किया गया है. सर्वे पूरा होने के बाद संबंधित लोगों को नोटिस भेजकर जमीन के कागजात मांगे जाएंगे.
इसे भी पढ़ें
प्रशासन की इस कार्रवाई से पंपू तालाब और आसपास के इलाकों में हलचल मची हुई है. फिलहाल किसी मकान को तोड़ने का आदेश नहीं दिया गया है.
प्रशासन पहले जमीन की वास्तविक स्थिति और उसके स्वामित्व से जुड़े दावों की जांच करेगा.नोटिस मिलने के बाद संबंधित लोगों को एक सप्ताह के भीतर जमीन से संबंधित दस्तावेज अंचल कार्यालय में प्रस्तुत करने होंगे. इसके बाद दस्तावेजों की जांच और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर आगे का निर्णय लिया जाएगा.
पंपू तालाब के आसपास प्रस्तावित छह लेन सड़क परियोजना को लेकर भी प्रशासन जमीन की स्थिति स्पष्ट करने में जुटा है. इस क्रम में गैरआबाद जमीन की मापी की जा रही है. कार्मेल स्कूल के आसपास की जमीन को भी सर्वे के दायरे में रखा गया है. प्रशासन का उद्देश्य सरकारी जमीन की वास्तविक सीमा निर्धारित कर अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट करना है.
पॉलिटेक्निक क्षेत्र और रांगाटांड़ में सरकारी जमीन चिह्नित
सीओ रामप्रवेश कुमार ने बताया कि पॉलिटेक्निक क्षेत्र और रांगाटांड़ में सरकारी जमीन चिह्नित करने का काम पूरा कर लिया गया है. पांडरपाला में भी सरकारी जमीन चिह्नित की गई है. इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट रेलवे के डीआरएम को भेजी जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

