Search

 
 
 

Dhanbad News : टाटा कंपनी की QRT पर बिना नोटिस आंगनबाड़ी की दीवार गिराने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि जिला प्रशासन की अनुमति व अंचल स्तर से जारी एनओसी के आधार पर बन रहे भवन को टाटा कंपनी की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने गुरुवार को बिना पूर्व नोटिस के ध्वस्त कर दिया.
 
निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र की क्षतिग्रस्थ दीवार,

Dhanbad : धनबाद निगम क्षेत्र के वार्ड 38 ऊपर डुमरी स्थित हनुमान मंदिर के समीप निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन को लेकर विवाद गहरा गया है. स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि जिला प्रशासन की अनुमति व अंचल स्तर से जारी एनओसी के आधार पर बन रहे भवन को टाटा कंपनी की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने गुरुवार को बिना पूर्व नोटिस के ध्वस्त कर दिया. करीब 40 प्रतिशत निर्माण पूरा होने के बाद हुई कार्रवाई से लोगों में आक्रोश है.

 


आंगनबाड़ी सेविका चंपा देवी, स्थानीय निवासी भीम महतो, सुरेश महतो व शंभू महतो ने बताया कि ऊपर डुमरी में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण डीसी व बीडीओ के निर्देश तथा सीओ के NOC देने के बाद शुरू किया गया था. ग्रामीणों की सहमति से संवेदक ने काम शुरू कराया था. 


वार्ड 38 के पार्षद जय कुमार ने कहा कि निर्माण शुरू होने के 15 से 20 दिन बाद टाटा कंपनी की क्विक रिस्पांस टीम (सिक्योरिटी) ने स्थल पर पहुंचकर निर्माण को लेकर आपत्ति जताई. टीम की ओर से एनओसी दिखाने और एक दिन के लिए निर्माण कार्य रोकने की बात कही गई थी.


पार्षद के मुताबिक इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई. लेकिन गुरुवार को मूसलाधार बारिश के दौरान QRT टीम पहुंची और निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरा दी. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भवन का करीब 40 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका था. स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया लेकिन उनकी आपत्ति को नजरअंदाज कर दिया गया.


पार्षद जय कुमार ने कहा कि भवन निर्माण पर आपत्ति थी तो शुरुआती दौर में ही काम रुकवाया जा सकता था. करीब 40 प्रतिशत काम पूरा होने के बाद कार्रवाई करने से सरकारी राशि का नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि घटना के बाद टाटा के संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया लेकिन अधिकारियों की ओर से छुट्टी पर होने की बात कही गई. इससे ग्रामीणों में और नाराजगी बढ़ी है.

 

जमीन कंपनी की है, मना करने के बाद भी जारी था निर्माण- प्रबंधन

वहीं, मामले में टाटा कंपनी के पीआरओ ने दूरभाष पर बताया कि जिस जमीन पर आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जा रहा था, वह टाटा कंपनी की जमीन है. कंपनी प्रबंधन ने निर्माण कार्य रोकने के लिए पहले ही कहा था इसके बावजूद निर्माण जारी रखा गया. QRT टीम ने पूरे मामले की जानकारी CO को देकर कार्रवाई का आग्रह किया था. प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद कंपनी की QRT टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही