Search

 
 
 

Dhanbad News : एटीएम में कार्ड फंसाकर रुपए उड़ाने वाले दो शातिर धनबाद से गिरफ्तार

Dhanbad News: सिटी एसपी ने बताया कि 27 अक्टूबर की शाम सिटी सेंटर के पास एटीएम से ठगी करने वाले दोनों युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. सूचना मिलने पर धनबाद थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई.
 
गिरफ्तार आरोपियों के बारे में जानकारी देते सिटी एसपी.

Dhanbad News : धनबाद पुलिस ने एटीएम में कार्ड फंसाकर लोगों के बैंक खाते से रुपए उड़ाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों बिहार के रहने वाले हैं. वे शातिर तरीके से ठगी के अपने खेल को अंजाम देते थे. पहले एटीएम में कार्ड फंसने का फायदा उठाकर कार्डधारक का गुप्त पिन देखना, फिर उसे मदद के बहाने उलझाना और मौका मिलते ही कार्ड लेकर फरार हो जाना उनका तरीका था. इसके बाद उसी कार्ड से रुपए निकाल लेते थे.

 

इसे भी पढ़ें


धनबाद के सिटी सेंटर के पास स्थित एटीम में उनकी चालाकी काम नहीं आई और लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के नवादा जिले के लखमोहना निवासी नितीश कुमार और नवादा न्यू एरिया निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है. यह जानकारी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बुधवार को प्रेसवार्ता में दी.

 

पहले पिन नंबर देखा, फिर कार्ड लेकर हुए फरार

सिटी एसपी ने बताया कि 27 अक्टूबर की शाम सिटी सेंटर के पास एटीएम से ठगी करने वाले दोनों युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. सूचना मिलने पर धनबाद थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई.


शिकायतकर्ता के अनुसार, वह बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचा था. इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. पीछे खड़े एक युवक ने मदद करने के बहाने उन्हें दोबारा पिन डालने को कहा. इस दौरान उसने उनका पिन नंबर देख लिया. इसके बाद उसने शिकायतकर्ता को एक हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने की सलाह दी.


आरोपी की बातों में आकर शिकायतकर्ता पेट्रोल पंप के पास चला गया. इसी बीच आरोपी उनका एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गया. कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से 15 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया. इसके बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर सीटी सेंटर स्थित रानी सती ज्वेलर्स में 32,800 रुपये और बाटा दुकान में 2,000 रुपये की खरीदारी किए जाने का मैसेज आया. इसके बाद शिकायतकर्ता अपने परिचितों के साथ संबंधित दुकानों पर पहुंचा. इसी दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया. पुलिस ने आरोपियों के पास से बाटा कंपनी की तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद की हैं.


पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बिहार और झारखंड के विभिन्न शहरों में इसी तरीके से ठगी करने की बात स्वीकार की है. वहीं गिरफ्तार नितीश कुमार के खिलाफ देवघर साइबर क्राइम थाना में वर्ष 2023 में एक मामला भी दर्ज है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही