Dhanbad News : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भेलाटांड में सोमवार को सड़क किनारे पेड़ से एक युवक का शव लटकता मिला. मृतक की पहचान ठाकुरकुल्ही आंगनबाड़ी के समीप रहने वाले राकेश कुमार वर्मा उर्फ आकाश वर्मा (26 वर्षीय) के रूप में हुई है.
बिनोद बिहारी कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) के सामने शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी
पुलिस ने राकेश कुमार वर्मा के परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद उसके दोनों भाई घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की. राकेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था. परिजनों के अनुसार, राकेश मजदूरी का काम करता था और सोमवार को घर से काम करने की बात कहकर निकला था .इसके बाद उसका शव पेड़ से लटका मिला.
बरवाअड्डा थाना के एसआई नवल किशोर सिंह ने कहा कि युवक ने आत्महत्या की है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका स्पष्ट पता अभी नहीं चल पाया है. युवक के मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
