Dhanbad News : धनसार थाना की पुलिस ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती की निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को बिहार के मोतिहारी से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
इसे भी पढ़ें...
इस संबंध में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि धनसार थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की इंस्टाग्राम के जरिए मोतिहारी निवासी एक युवक से दोस्ती हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी. इस दौरान युवक ने युवती का निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिया. बाद में वह इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को परेशान करने लगा.
लगातार धमकी मिलने से परेशान युवती ने मई महीने में धनसार थाना में युवक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बिहार के मोतिहारी का रहने वाला है.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए धनसार पुलिस की टीम मोतिहारी पहुंची और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की लेकिन वह पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया. पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही.
इसी दौरान सोमवार को पुलिस ने उसे मोतिहारी के समीप नेपाल सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को धनबाद लाया गया. मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

