मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रियों को छोड़ गया है. विकास कुमार महतो की असामयिक मौत से पूरे जयनगर गांव में मातम पसरा हुआ है. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है .

जानकारी के अनुसार, विकास महाराष्ट्र के अहिल्यानगर स्थित सद्गुरु इलेक्ट्रिकल्स ट्रेडर्स में बिजली मिस्त्री के रूप में कार्यरत था. बताया जाता है कि बिजली लाइन पर काम करने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे गंभीर रूप से झुलस गया.
बाद में उसके साथियों ने परिजनों को हादसे और मौत की सूचना दी. घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने भी परिजनों को फोन कर मामले की जानकारी दी. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात एंबुलेंस से शव उसके पैतृक गांव जयनगर लाया गया. शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह धनबाद सांसद ढुल्लू महतो जयनगर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.
सांसद ने बताया कि उन्होंने महाराष्ट्र के पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर संबंधित कंपनी की जानकारी जुटाने और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की पहल की है. उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय और सहायता दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे.
इस दौरान सांसद ने राज्य की रोजगार व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि रोजगार की तलाश में झारखंड के युवाओं को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है. यदि राज्य में पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध होते तो विकास को अपने परिवार से दूर जाकर काम करने की मजबूरी नहीं होती.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment