Search

 
 
 

Dhanbad News : तालाब में डूबने से युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मरिचो पंचायत अंतर्गत पारघो गांव में तालाब में डूबने से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान दिलीप हांसदा के रूप में हुई है. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
 

Dhanbad : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मरिचो पंचायत अंतर्गत पारघो गांव में तालाब में डूबने से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान दिलीप हांसदा के रूप में हुई है. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दिलीप की असमय मौत से उसके तीन छोटे-छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है. जानकारी के अनुसार दिलीप हांसदा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. वह परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था.

 

मृतक के भाई प्रकाश हांसदा ने बताया कि बुधवार दोपहर वह गांव के बाहर स्थित तालाब में नहाने के लिए गया था. काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई. शाम तक दिलीप के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की. देर रात तक आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.

 

इसके बाद परिवार के लोगों की आशंका और गहरा गई. गुरुवार सुबह ग्रामीणों के सहयोग से तालाब में खोज अभियान चलाया गया. काफी मशक्कत के बाद दिलीप हांसदा का शव तालाब से बरामद किया गया. शव बाहर निकलते ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. घटना के बाद मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

 

परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव के लोगों ने बताया कि दिलीप मेहनती और मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया. साथ ही बरवाअड्डा थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया.

 

स्थानीय जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना गोविंदपुर अंचलाधिकारी को दे दी गई है. उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि संकट की इस घड़ी में परिवार को कुछ राहत मिल सके.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही