Dhanbad : राज्य सरकार के निर्देश और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के संकल्प के तहत धनबाद में होमगार्ड भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) कड़ी सुरक्षा और पूरी पारदर्शिता के साथ शुरू हो गई है, जो 22 अप्रैल तक चलेगी.
इस भर्ती परीक्षा में करीब 15 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है. प्रतिदिन लगभग 1000 महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों को दौड़, लंबी कूद सहित अन्य शारीरिक परीक्षणों से गुजरना होगा. शारीरिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा में शामिल किया जाएगा.
परीक्षा को निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन आधुनिक तकनीक और सख्त निगरानी व्यवस्था का सहारा ले रहा है. परीक्षा का आयोजन बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है, जहां अभ्यर्थी और ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मियों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.

अभ्यर्थियों का आधार सत्यापन करते कर्मी
जिला उपायुक्त आदित्य रंजन समेत अन्य वरीय अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्र पर मौजूद रहकर हर गतिविधि की निगरानी कर रहे हैं. उपायुक्त ने साफ निर्देश दिए हैं कि कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर प्रवेश न करे इस पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कोने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और दौड़ समेत सभी शारीरिक गतिविधियों की लगातार वीडियोग्राफी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना खत्म हो सके.
इसके साथ ही अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति और आधार सत्यापन अनिवार्य किया गया है, जिससे फर्जी अभ्यर्थियों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके. दौड़ की सटीक टाइमिंग के लिए RFID (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) चिप तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे परिणाम पूरी तरह सटीक और पारदर्शी बने रहे.

दौड़ में शामिल होते अभ्यर्थी
परीक्षा स्थल पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, जिला समादेष्टा सूर्यकांत कुमार, डीएसपी मुख्यालय-1 शंकर कामती और कार्यपालक दंडाधिकारी राम नारायण ठाकुर समेत प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार मौजूद है और समय-समय पर औचक निरीक्षण कर रहे हैं.
डीसी की अपील, बिचौलिए या ठग के झांसे में न आएं
उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर होगी. उन्होंने अभ्यर्थियों को आगाह किया कि वे किसी भी बिचौलिए या ठग के झांसे में न आएं. यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस बल, हेल्पडेस्क या कंट्रोल रूम को सूचित करें.
आदित्य रंजन ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की जालसाजी या फर्जीवाड़ा पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है. चयनित अभ्यर्थियों की सूची प्रक्रिया पूरी होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट (NIC) पर प्रकाशित की जाएगी.
साथ ही मीडिया के लिए समय-समय पर फोटो, वीडियो और प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी साझा की जाएगी.

अभ्यर्थियों को रूल्स एंड रेगुलेशन बताते अधिकारी
कड़ी सुरक्षा के किए गए हैं इंतजाम
वहीं ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पूरी बहाली प्रक्रिया की निगरानी के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. साथ ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment