Dhanbad : शहर के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित जगजीवन नगर में शनिवार को एक 24 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान करण कुमार राम के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

परिजनों के अनुसार, करण कुमार राम के पैर में चोट लगी थी, जिसके कारण वह टोटो नहीं चला पा रहा था. कुछ दिनों से वह घर पर ही रह रहा था. शनिवार तड़के वह रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मुक्तेश्वर महतो और कन्हाईलाल भट्टाचार्य उसे जबरन अपने घर के अंदर ले गए.
परिजनों का आरोप है कि घर के अंदर करण पर चाकू और तलवार से हमला किया गया. साथ ही उसकी बेरहमी से पिटाई भी की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग उसे तत्काल इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले गए, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
इस संबंध में सरायढेला थाना प्रभारी मनजीत कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, आपसी रंजिश और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment