Dhanbad News: बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दिए जाने के मामले में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. सांसद ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी और विधायक के बीच विवाद के पीछे बालू तस्करी में हिस्सेदारी और वसूली का मामला है.
इसे भी पढ़ें:
सांसद ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया कि जयराम महतो को बालू तस्करी में पैसा चाहिए, इसी वजह से उन्होंने आवाज उठाई. उन्होंने कहा कि प्रशासन को पूरी तरह ईमानदार या दूध का धुला नहीं कहा जा सकता. कोयलांचल में लोहा, कोयला और बालू की चोरी हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट नेताओं को भी इसमें हिस्सेदारी चाहिए और हिस्सेदारी नहीं मिलने पर वे आवाज उठाते हैं.
उन्होंने कहा कि बरवाअड्डा थाना प्रभारी और जयराम महतो के बीच विवाद भी कथित तौर पर बालू तस्करी में हिस्सेदारी से जुड़ा है. सांसद ने कहा कि यदि कोई अधिकारी बेलगाम है और आम जनता की बात नहीं सुनता है तो उसके खिलाफ विरोध होना चाहिए. हालांकि विधायक को अपनी भाषा की मर्यादा का भी ध्यान रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी भ्रष्ट और बेलगाम अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठाते हैं लेकिन भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा जयराम महतो का पक्ष लिए जाने के सवाल पर सांसद ने कहा कि बाबूलाल मरांडी बड़े और सर्वमान्य नेता हैं लेकिन संभव है कि वे धरातल की स्थिति से पूरी तरह अवगत नहीं हों.
ढुल्लू महतो ने जयराम महतो पर अपने पुराने मुद्दों से पीछे हटने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पहले जयराम महतो 1932 के खतियान, भाषा और बाहरी-भीतरी जैसे मुद्दों को लेकर मुखर थे लेकिन अब कई मुद्दों पर चुप हैं.
सांसद ने आरोप लगाया कि इससे पहले टोल प्लाजा पर भी डुमरी विधायक ने कोयला लदे ट्रकों को रोका था. उन्होंने दावा किया कि वसूली को लेकर बात बनने के बाद टोल प्लाजा पर ट्रकों को रोकना बंद कर दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

