- रजिस्ट्रार बोले-पिछले साल जितनी ही है फीस
Ranchi News : रक्षाशक्ति विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह के लिए निर्धारित फीस को लेकर चल रहे विवाद पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है. विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार कुमार भगत ने कहा है कि फीस में इस वर्ष किसी भी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले वर्ष जितनी फीस निर्धारित थी, इस वर्ष भी उतनी ही फीस है.
रजिस्ट्रार ने कहा कि रक्षाशक्ति विश्वविद्यालय का स्वरूप दूसरे सामान्य विश्वविद्यालयों से अलग है. यह विश्वविद्यालय मुख्य रूप से आंतरिक सुरक्षा (Internal Security) से जुड़े विषयों पर केंद्रित है और यहां देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं.
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शिक्षा और संस्थान के अनुरूप एक निर्धारित मानक बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने फीस को लेकर कहा कि डिग्री की फीस पिछले साल भी 2100 ही ली गयी थी और इस बार भी उतनी ही ली जा रही है.
इसे भी पढ़ें
कुमार भगत ने बीते दिनों आजसू छात्र संघ द्वारा प्रदर्शन के दौरान सामने आए एक अन्य घटनाक्रम पर भी स्थिति स्पष्ट की. बताया कि हाल ही में एक छात्र संगठन के कुछ सदस्य विश्वविद्यालय परिसर में आए और उस मंजिल तक चले गए, जहां कक्षाएं और लाइब्रेरी संचालित होती है.
कक्षाओं में व्यवधान की आशंका को देखते हुए एक महिला शिक्षिका ने छात्रों के वहां आने पर आपत्ति जताई. इसी दौरान छात्रों और शिक्षिका के बीच कुछ कहासुनी हुई. हालांकि, इसके बाद छात्र विश्वविद्यालय के अधिकारियों से मिले और मामले को लेकर बातचीत की गई.
रजिस्ट्रार ने बताया कि छात्रों के साथ हुई बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों पर किसी तरह का आरोप नहीं लगाया गया है. मामले में एफआईआर दर्ज होने की चर्चाओं पर भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपना पक्ष रखा. रजिस्ट्रार ने कहा कि आधिकारिक तौर पर उनके संज्ञान में इस मामले को लेकर कोई एफआईआर दर्ज नहीं है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

