Search

 
 
 

Simdega News: जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता शुरू, डीसी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

Simdega News: प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने खो-खो, कबड्डी एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
 
खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

Simdega News: झारखंड शिक्षा परियोजना, सिमडेगा के तत्वावधान में जिला स्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 प्रतियोगिता का आयोजन सेंट मेरीज उच्च विद्यालय, सामटोली में किया गया. प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त कंचन सिंह ने किया. 

इसे भी पढ़ें: 

मौके पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने खो-खो, कबड्डी एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

 

वहीं एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो, 4×100 मीटर रिले, 4×400 मीटर रिले तथा वॉक रेस जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं.

 

डीसी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहुंचे सभी प्रतिभागी अपने-अपने प्रखंड एवं विद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर यहां तक पहुंचे हैं. यह उनके परिश्रम, लगन और खेल प्रतिभा का परिणाम है. 

 

उन्होंने कहा कि सिमडेगा जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जिले के कई खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत और समर्पण के बल पर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. ऐसे खिलाड़ी वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं.

 

कंचन सिंह ने खिलाड़ियों से पूरी लगन, मेहनत, समर्पण और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिसका आयोजन रांची में किया जाएगा. 

 

उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो प्रतिभागी इस बार सफल नहीं हो पाते हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है. निरंतर अभ्यास और मेहनत से वे अपने खेल कौशल में सुधार कर भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं.

 

उपायुक्त ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. खेलों के माध्यम से बच्चों में टीम भावना, सहयोग, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है.

 

इस दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम को लेकर प्रतिभागी खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला.

 

मौके पर जिला खेल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, संत मेरीज उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही