Palamu News: पलामू जिले में अब दवा दुकानों में बैठकर मरीजों का इलाज करने और उन्हें चिकित्सकीय परामर्श देने वाले डॉक्टरों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. जिला स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले में सख्त निर्देश जारी करते हुए डॉक्टरों और दवा दुकानदारों को चेतावनी दी है. निर्देश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. यहां तक कि संबंधित दवा दुकान का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है.
दरअसल, जिले के कई इलाकों में दवा दुकानों के अंदर डॉक्टर बैठकर मरीजों को देखते हैं और उन्हें इलाज के साथ दवाइयां भी लिखते हैं. स्वास्थ्य विभाग ने इस व्यवस्था को नियमों के विरुद्ध बताया है. विभाग के अनुसार, डॉक्टर केवल पंजीकृत क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट में ही बैठकर मरीजों का इलाज और परामर्श दे सकते हैं. किसी रिटेल दवा दुकान में बैठकर क्लिनिक की तरह मरीजों का इलाज करना पूरी तरह अवैध है.
इसे भी पढ़ें:
पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि वैसे रिटेल दवा दुकानदार, जो अपनी दुकानों को क्लिनिक के रूप में संचालित कर रहे हैं और डॉक्टरों के नाम का बोर्ड लगा रखे हैं, वे तत्काल प्रभाव से ऐसी व्यवस्था बंद करें. साथ ही दुकानों के बाहर लगे डॉक्टरों के नाम और उनकी उपलब्धता से संबंधित बोर्ड एवं विज्ञापन भी हटा लें.
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले डॉक्टरों और दवा दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. संबंधित दवा दुकान का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है.
इसके लिए जिले के सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सके और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो.
गौरतलब है कि हाल के दिनों में पलामू जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे हैं. ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी इस निर्देश के बाद अब देखना होगा कि जिले में दवा दुकानों के अंदर संचालित हो रहे कथित क्लीनिकों पर कार्रवाई कब और किस स्तर पर शुरू होती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

