Deoghar : झारखंड के देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. महापुर पंचायत के हेठ नवाडीह गांव में 38 वर्षीय रुबेदा बीबी और उनके 12 वर्षीय बेटे छोटू की अज्ञात हमलावरों ने कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार वारदात रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई. मंगलवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर भी घटनास्थल पहुंचे और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कराई. पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान में जुटी है.
इसे भी पढ़ें...
इस हत्याकांड ने चार साल पुराने एक मामले की याद भी ताजा कर दी. रुबेदा बीबी के पति रियाज अहमद की भी 15 जुलाई 2022 को कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी. परिजनों का आरोप है कि उस मामले के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई थी.
परिवार का बड़ा बेटा पश्चिम बंगाल में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है. घटना की सूचना मिलने के बाद वह गांव के लिए रवाना हो गया है. ग्रामीणों में इस दोहरे हत्याकांड को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
एसपी पहुंचे घटनास्थल, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में : आज मंगलवार सुबह एसपी प्रवीण पुष्कर सुबह करीब छह बजे घटनास्थल पर पहुंचे. उनके साथ अनुसंधान (रिसर्च) विंग और फॉरेंसिक टीम भा घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment