Search

 
 
 

हजारीबाग में डबल मर्डर : कोयला कारोबारी की हत्या, अपराधियों ने ग्रामीण को कुचला

जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नपोखुर्द गांव में गुरुवार देर रात डबल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया गया है. अपराधियों ने धारदार हथियार से एक कोयला व्यवसायी की हत्या कर दी.
 

Hazaribagh :   जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नपोखुर्द गांव में गुरुवार देर रात डबल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया गया है. अपराधियों ने धारदार हथियार से एक कोयला व्यवसायी की हत्या कर दी.

 

इसके बाद भागने के दौरान अपराधियों की गाड़ी से एक ग्रामीण की कुचलकर मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है.

 

स्कॉर्पियों सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम

जानकारी के अनुसार, नपोखुर्द गांव निवासी कोयला व्यवसायी रोहित साव गुरुवार रात अपने इलाके में थे. इसी दौरान सफेद स्कॉर्पियो में सवार कुछ अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया. 

 

इससे पहले कि रोहित साव कुछ समझ पाते, अपराधियों ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण रोहित की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.

 

भागने के दौरान गाड़ी की चपेट में आया ग्रामीण 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो से भागने की कोशिश की. वाहन की गति तेज होने के कारण सड़क पर मौजूद लोगों को बचने का मौका नहीं मिला और गाड़ी की चपेट में आकर गांव के ही निवासी प्रदीप साव गंभीर रूप से घायल हो गए.

 

स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रदीप साव को अस्पताल पहुंचाया. लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई. एक ही घटना में दो लोगों की मौत से गांव में मातम और गुस्से का माहौल है.

 

घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही